Azamgarh News: पुलिस मुठभेड़ में 25-25 हजार के दो इनामी घायल, गिरफ्तार

फूलपुर कोतवाली क्षेत्र में पुलिस और बदमाशों के बीच हुई मुठभेड़ में 25-25 हजार रुपये के दो इनामी लुटेरे घायल हो गए। पुलिस की जवाबी कार्रवाई में दोनों के पैर में गोली लगी, जिसके बाद उन्हें गिरफ्तार कर लिया गया।

गिरफ्तार आरोपियों में सहजेरपुर निवासी समीर और चकबहार निवासी शिव कुमार राजभर उर्फ लाला शामिल है। आरोपियों के कब्जे से लूट की मोबाइल, चांदी की पायल, नकदी, दो तमंचे और घटना में प्रयुक्त मोटरसाइकिल बरामद की गई है।

पुलिस अधीक्षक डॉ. अनिल कुमार के निर्देशन में चलाए जा रहे अभियान के तहत बुधवार रात फूलपुर कोतवाली पुलिस संदिग्ध व्यक्तियों और वाहनों की चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि लूट की घटनाओं में वांछित दो बदमाश बिना नंबर प्लेट की केटीएम बाइक से मुड़ियार ईदगाह के पास मौजूद हैं और किसी वारदात की फिराक में हैं।