उमस भरी गर्मी का असर लोगों की सेहत पर पड़ने लगा है। गर्मी के कारण जिला अस्पताल मेंं डायरिया, पेट दर्द, उल्टी, बुखार और डिहाइड्रेशन के मरीजों की संख्या बढ़ रही है। चिकित्सक लोगों को खानपान और सफाई पर विशेष ध्यान देने की सलाह दे रहे हैं। जिला अस्पताल के फिजिशियन डॉ. सीपी राय ने बताया कि ओपीडी में प्रतिदिन 100 से 110 मरीज पहुंच रहे हैं। इनमें से डायरिया के 15 से 17 मरीज मिल रहे हैं जबकि एक सप्ताह पूर्व इनकी संख्या पांच के आसपास रहती थी। इसके अलावा पेट दर्द, उल्टी और बुखार से पीड़ित मरीजों की संख्या में भी वृद्धि दर्ज की जा रही है। उन्होंने बताया कि तेज गर्मी में भोजन और पानी जल्दी दूषित हो जाते हैं। दूषित पानी पीने और बासी या खुले में रखे खाद्य पदार्थों के सेवन से संक्रमण फैलता है, जिससे डायरिया की समस्या बढ़ जाती है। बच्चों, बुजुर्गों और पहले से बीमार लोगों में संक्रमण का खतरा अधिक रहता है। डायरिया के लक्षण दिखाई देने पर तुरंत ओआरएस का घोल पीना शुरू कर दें और नजदीकी स्वास्थ्य केंद्र या अस्पताल में चिकित्सकीय परामर्श लें।

